मनोरंजन

गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा का बॉलीवुड डेब्यू, नितांशी गोयल संग करेंगे रोमांस, साजिद खान की भी होगी वापसी

गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा फिल्म ‘हीरो की हॉररइन’ से बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ नितांशी गोयल नजर आएंगी। हॉरर-कॉमेडी और रोमांस से भरपूर इस फिल्म के जरिए निर्देशक साजिद खान भी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। फिल्म 7 जनवरी 2027 को रिलीज होगी।

Bollywood News : बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और सुनीता आहूजा के बेटे यशवर्धन आहूजा अब फिल्मी दुनिया में बतौर लीड एक्टर कदम रखने जा रहे हैं। उनकी पहली फिल्म ‘हीरो की हॉररइन’ होगी, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए निर्देशक साजिद खान भी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।

फिल्म में हॉरर, कॉमेडी, रोमांस और सुपरनैचुरल एलिमेंट्स का मिश्रण देखने को मिलेगा। मेकर्स ने कहानी को मनोरंजन और हास्य के अंदाज में पेश करने की तैयारी की है। यशवर्धन और नितांशी की नई जोड़ी फिल्म की खासियत मानी जा रही है।

7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

‘हीरो की हॉररइन’ में सुनीना आहूजा, जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्माण एकता कपूर, शोभा कपूर और अमर बुटाला ने साजिद खान के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्ममेकिंग और एक्टिंग की ट्रेनिंग

यशवर्धन आहूजा 29 साल के हैं और उन्होंने लंदन के मेट फिल्म स्कूल से फिल्ममेकिंग और एक्टिंग की ट्रेनिंग ली है। एक्टिंग में आने से पहले वह निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह ‘ढिशूम’, ‘किक 2’ और ‘तड़प’ जैसी फिल्मों की मेकिंग से जुड़े रहे हैं।

कई महिलाओं ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप

वहीं, साजिद खान की वापसी को लेकर भी चर्चा तेज है। #MeToo अभियान के दौरान उन पर कई महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसके बाद उन्हें फिल्म निर्देशन से दूर रहना पड़ा था। बाद में इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन ने उन पर लगी रोक हटा दी थी। अब वह ‘हीरो की हॉररइन’ के जरिए निर्देशन में वापसी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button