Air India Turbulence Case : एयर इंडिया टर्बुलेंस मामले में जांच के दौरान एक बड़ा खुलासा सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले ही फ्लाइट के एक क्रू मेंबर ने पायलट के खिलाफ शिकायत की थी. शिकायत में पायलट पर गांजा पीने का आरोप लगाया गया था. अब जांच एजेंसियां शिकायत और उड़ान के दौरान सामने आई परिस्थितियों को जोड़कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं.
जानकारी के मुताबिक, विवाद दिल्ली से फुकेट जाने वाली फ्लाइट के दौरान शुरू हुआ था. सीट से जुड़े प्रोटोकॉल को लेकर पायलट और एक केबिन क्रू सदस्य के बीच कहासुनी हुई थी.
फुकेट पहुंचने के बाद भी दोनों के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. इसके बाद 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट से पहले क्रू सदस्य ने पायलट के खिलाफ शिकायत की.
300 फीट नीचे आया विमान
सूत्रों के अनुसार, फुकेट से दिल्ली लौटते समय विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया. इसी दौरान मुख्य पायलट के कॉकपिट के फर्श पर पड़े होने की बात भी सामने आई है.
इसके बाद पायलट कॉकपिट में वापस पहुंचे और यात्रियों का हालचाल लिया. बताया जा रहा है कि क्रू को कथित तौर पर इस घटना के बारे में यात्रियों से चर्चा नहीं करने के लिए कहा गया था.
दिल्ली में लैंडिंग के बाद भी उठे सवाल
दिल्ली में विमान के उतरने के बाद पायलट की स्थिति को लेकर भी सवाल सामने आए. सूत्रों के मुताबिक, पायलट ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे. जांच के दौरान यूरिन सैंपल देने के समय अधिकारियों को उन्हें सहारा देना पड़ा.
अब जांच एजेंसियां शिकायत और उड़ान के दौरान सामने आई परिस्थितियों की कड़ियां जोड़ रही हैं. जांच का अहम सवाल यही है कि उड़ान के दौरान पायलट की वास्तविक स्थिति क्या थी और विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे क्यों आया.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








