Akhilesh Yadav : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से 13 अगस्त को बयान देने की बात कहे जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. अखिलेश यादव ने कहा कि देश इस समय भाषण सुनने के मूड में नहीं है, उन्होंने संसद में जवाब देने के लिए समय-सीमा तय करने को भी अलोकतांत्रिक बताया.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि सरकार संसद में जवाब देने के लिए जो समय-सीमा तय करना चाहती है, वह अपने आप में अलोकतांत्रिक है. उनके मुताबिक, यह जवाब नहीं बल्कि ‘थोथा बयान’ होगा.
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी नहीं चाहती कि इस मामले में कोई जवाब दिया जाए और वह संसद का सत्र खत्म करने की जल्दबाजी में है, उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी और जवाबदेही किसी तय समय की शर्त से नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व के तर्क से निभाई जाती है.
संसद में स्पष्ट जवाब चाहता है विपक्ष
दरअसल, 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है. विपक्ष का दावा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन और कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया गया था.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई नेता इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहे हैं. विपक्ष का कहना है कि इस मामले में सरकार को संसद के भीतर स्पष्ट जवाब देना चाहिए.
चर्चा से जनता के सामने स्थिति होगी स्पष्ट
20 जुलाई की घटना के बाद से ही विपक्ष अमित शाह से जवाब की मांग कर रहा है. सरकार की ओर से चर्चा के लिए प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब संसद का मौजूदा सत्र 13 अगस्त को समाप्त होना है. हालांकि, सदन की कार्यवाही जारी रहने की स्थिति में समय-सीमा बढ़ाए जाने की बात भी कही जा रही है.
अमित शाह ने कहा है कि अगर विपक्ष छात्रों से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है तो वह हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं, उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और चर्चा के जरिए जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








