राष्ट्रीय

‘लेक्चर नहीं सुनना’, अमित शाह के 24 घंटे चर्चा के ऑफर पर राहुल गांधी का पलटवार

Parliament controversy : संसद में जारी गतिरोध के बीच बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के सामने बातचीत और विस्तृत चर्चा का प्रस्ताव रखा. शाह ने कहा कि विपक्ष जिस मुद्दे पर सवाल उठाना चाहता है, वह उन सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं, उन्होंने सदन में लगातार 24 घंटे मौजूद रहने की बात कही. हालांकि, राहुल गांधी ने इस प्रस्ताव पर अलग रुख अपनाया और कहा कि विपक्ष को गृह मंत्री का भाषण नहीं, बल्कि प्रदर्शनकारी छात्रों से जुड़े सवालों के सीधे जवाब चाहिए.

संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में अमित शाह ने विपक्षी दलों से दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को चर्चा के लिए पत्र देने को कहा उन्होंने कहा कि पत्र मिलने के बाद दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू की जा सकती है.

गृह मंत्री के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर बहस पूरी रात चल सकती है, उन्होंने कहा कि वह बुधवार दोपहर 3 बजे से गुरुवार दोपहर 3 बजे तक सदन में मौजूद रहेंगे और विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले हर सवाल का जवाब देंगे.

नियमों के तहत हो विस्तृत चर्चा

अमित शाह ने कहा कि संसद में किसी भी गंभीर मुद्दे पर चर्चा के लिए तय नियम और प्रक्रियाएं हैं. केवल बयान देने से किसी गंभीर विषय पर चर्चा पूरी नहीं हो सकती. उनके मुताबिक, संसद का उद्देश्य सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर देना और मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करना है.

उन्होंने यह भी कहा कि अगर लोकसभा अध्यक्ष अनुमति देते हैं तो प्रश्नकाल स्थगित कर चर्चा के लिए अतिरिक्त समय दिया जा सकता है. शाह ने कहा कि वह चर्चा में उठाए जाने वाले सभी बिंदुओं को नोट करेंगे और उनका जवाब देंगे.

राहुल गांधी ने बताया विपक्ष को क्या चाहिए

अमित शाह की पेशकश पर राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष गृह मंत्री का भाषण सुनने में रुचि नहीं रखता. उनके मुताबिक, विपक्ष प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ कथित कार्रवाई से जुड़े सवालों के जवाब चाहता है.

अब दोनों पक्षों के अलग-अलग रुख के बीच बड़ा सवाल यही है कि क्या अमित शाह की 24 घंटे चर्चा की पेशकश से संसद का गतिरोध खत्म होगा या प्रदर्शनकारी छात्रों से जुड़े मुद्दे पर टकराव आगे भी जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button