Har Ghar Tiranga Abhiyan 2026 : 15 अगस्त से पहले देशभर में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ की शुरुआत हो चुकी है. इसी अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुडुचेरी में ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान मंच पर एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया. पुडुचेरी के मंत्री ए. नमस्सिवायम ने अमित शाह की ओर तिरंगे की जगह भगवा झंडा बढ़ा दिया. झंडा लेते समय शाह की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत मंत्री को टोका और पूछा कि तिरंगा कहां है.
तिरंगा यात्रा के दौरान ए. नमस्सिवायम अमित शाह के बाईं ओर खड़े थे. इसी दौरान उन्होंने गृह मंत्री की ओर एक भगवा झंडा बढ़ाया. अमित शाह उसे लेने के लिए आगे बढ़े, लेकिन झंडे को देखकर तुरंत रुक गए. उन्होंने मंत्री से तिरंगे के बारे में पूछा.
इसके बाद आनन-फानन में तिरंगा झंडा लाया गया. अमित शाह ने राष्ट्रीय ध्वज हाथ में लिया और इसके बाद पुडुचेरी में तिरंगा यात्रा को रवाना किया. मंच पर हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंत्री की ओर से हुई चूक पर अमित शाह की नाराजगी साफ दिखाई दे रही है.
हजारों लोगों ने तिरंगा यात्रा में लिया हिस्सा
बता दें कि अमित शाह ने पुडुचेरी के मुरुगा थिएटर सिग्नल से ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई. इस यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनथन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं. इस साल अभियान की थीम राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की भावना को समर्पित है. विभिन्न आयोजन स्थलों पर तिरंगा कैनवास भी लगाए गए हैं, जहां नागरिक किसी भी भारतीय भाषा में ‘हर घर तिरंगा’ या ‘जय हिंद’ लिख सकते हैं
15 अगस्त को इस अभियान के तहत एक डिजिटल रिले भी आयोजित किया जा रहा है. इसमें समय क्षेत्र के अनुसार दुनिया के 54 भारतीय दूतावास सूर्योदय के क्रम में तिरंगा फहराएंगे.
कौन हैं ए. नमस्सिवायम?
ए. नमस्सिवायम पुडुचेरी सरकार में प्रमुख कैबिनेट मंत्री हैं. वह गृह, शिक्षा और खेल विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इसके साथ ही वह पुडुचेरी बीजेपी के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं. तिरंगा यात्रा के दौरान हुई यह चूक अब सामने आए वीडियो के बाद चर्चा में है.
ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य की संभावना से किया इनकार, कहा- जब तक मैं PM हूं, फिलिस्तीनी राज्य नहीं…
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









