विदेश

अयातुल्ला अली खामेनेई को मशहद में सुपुर्द-ए-खाक, 6 दिन बाद पूरी हुई अंतिम संस्कार की प्रक्रिया

Iran News : ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को शुक्रवार तड़के उनके गृहनगर मशहद में शिया समुदाय के पवित्र स्थल इमाम रजा दरगाह में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. ईरान के अनुसार, 28 फरवरी को मध्य तेहरान में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में उनकी मौत हुई थी. इसके बाद से ही ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और संघर्ष जारी है.

करीब चार महीने बाद कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच खामेनेई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. छह दिनों तक चली शवयात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के बाद उनका पार्थिव शरीर मशहद लाया गया.

1.5 करोड़ से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा

मशहद के गवर्नर हसन हुसैनी के अनुसार, अंतिम संस्कार में लगभग 1.5 करोड़ से अधिक लोग शामिल हुए. 35 डिग्री सेल्सियस की गर्मी के बीच भीड़ को राहत देने के लिए प्रशासन ने वॉटर स्प्रिंकलर्स का इस्तेमाल किया. अंतिम विदाई की नमाज 101 वर्षीय अयातुल्ला हुसैन नूरी हमेदानी ने पढ़ाई.

परिवार के कई सदस्य भी किए गए सुपुर्द-ए-खाक

ईरान के अनुसार, 28 फरवरी के हमले में खामेनेई के परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे. उनके साथ उनकी पोती, दामाद, बेटी और बेटे मुजतबा खामेनेई की पत्नी जहरा हद्दाद अदेल को भी इसी पवित्र परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया.

मुजतबा खामेनेई नहीं आए सार्वजनिक रूप से सामने

पूरे छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान ईरान के नए घोषित सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए. सूत्रों के मुताबिक, वह भी उसी हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता की मौत हुई थी.

बताया गया कि सुरक्षा कारणों और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की सलाह पर वह सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर हैं और केवल लिखित बयानों के माध्यम से संवाद कर रहे हैं.

तेहरान से शुरू हुई थी अंतिम यात्रा

युद्ध की स्थिति के कारण अंतिम संस्कार मार्च के बजाय जुलाई में आयोजित किया गया. इसकी शुरुआत तेहरान के ग्रैंड मुसल्ला से हुई, जहां अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधिमंडल पहुंचे.

इसके बाद जनाजा तेहरान से इराक के पवित्र शिया शहरों नजफ और करबला ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की.

ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button