Delhi NCR Rain Alert Today : दिल्ली-NCR में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (10 जुलाई) को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. अगले 24 घंटों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
IMD के मुताबिक, गुरुवार (9 जुलाई) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम था. पूरे दिन हुई बारिश के कारण सदर बाजार, विकास मार्ग, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और द्वारका समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा.
न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ.
दिनभर होती रही बारिश
इस दौरान उत्तर-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. पालम में अधिकतम हवा की गति 33 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 98 प्रतिशत रही. गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक 72.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 32.4 मिमी अतिरिक्त बारिश दर्ज हुई.
कई इलाकों में बारिश के आसार
IMD के अनुसार, शुक्रवार (10 जुलाई) को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह या दोपहर से पहले कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. वहीं शनिवार (11 जुलाई) को अधिकतम तापमान बढ़कर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









