Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की तारीफ करते हुए उन्हें एक अच्छा इंसान बताया है. हालांकि, उन्होंने ईरान के साथ संघर्ष के दौरान अमेरिका का साथ नहीं देने को लेकर मेलोनी की आलोचना भी की. ट्रंप के इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच हाल के दिनों में आई तल्खी कम होने के संकेत मिल सकते हैं.
ट्रंप और मेलोनी के रिश्ते पहले काफी अच्छे माने जाते थे, लेकिन पिछले महीने एक बयान को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था. ट्रंप ने दावा किया था कि फ्रांस में आयोजित G7 समिट के दौरान मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने की इच्छा जताई थी. मेलोनी ने इस दावे को खारिज करते हुए ट्रंप पर गलत कहानी पेश करने का आरोप लगाया था. इसके बाद इटली के विदेश मंत्री ने अपना अमेरिका दौरा भी रद्द कर दिया था.
ईरान मुद्दे पर दोनों नेताओं में मतभेद
आपको बता दें कि ईरान से जुड़े मुद्दे पर भी दोनों नेताओं के बीच मतभेद सामने आए. जब ट्रंप ने पोप लियो की ईरान युद्ध को लेकर की गई टिप्पणी की आलोचना की थी, तब मेलोनी ने इसका जवाब दिया था. इसके बाद ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने में मदद करने से इनकार करने को लेकर इटली की प्रधानमंत्री पर नाराजगी जताई.
ट्रंप बोले- मेलोनी से रिश्ते थोड़े खराब हुए
तुर्किए में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान के मामले में मेलोनी के साथ उनके संबंध कुछ प्रभावित हुए, क्योंकि उन्होंने अमेरिका की मदद करने से इनकार कर दिया था. ट्रंप ने कहा कि वह मेलोनी को पसंद करते हैं और उन्हें एक अच्छा इंसान मानते हैं, लेकिन उनके फैसले को उन्होंने गलत बताया.
हाल ही में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मेलोनी की एक तस्वीर साझा की थी. तस्वीर में मेलोनी ट्रंप की ओर देख रही थीं. इसके कैप्शन में ट्रंप ने लिखा था- “रोक लगाने वाले आदेश की जरूरत है.” हालांकि, इटली सरकार ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं देने का फैसला किया.
ट्रंप की टिप्पणियों का जवाब नहीं देगा इटली
इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने कहा कि ट्रंप अपनी बात खुद रखते हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर टिप्पणियां करना पसंद है, उन्होंने कहा कि इटली ने इन टिप्पणियों का जवाब नहीं देने का फैसला किया है.
इससे पहले मार्च में इटली ने सिसिली के सिगोनेला एयरपोर्ट पर अमेरिकी सैन्य विमानों की लैंडिंग की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इटली का कहना था कि वॉशिंगटन ने मेलोनी सरकार से इसकी मंजूरी नहीं ली थी.
ये भी पढ़ें- दुनिया में फिर बढ़ा भारत का मान, PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









