Other States

बंगाल के बरुईपुर रेप-हत्या केस का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया, हथियार छीनकर की थी फायरिंग

West Bengal : पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 12 साल की बच्ची के रेप और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, क्राइम सीन रिक्रिएट करने के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

बरुईपुर के एसपी ने बताया, “बरुईपुर रेप और मर्डर केस के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. क्राइम सीन रिक्रिएट करने के दौरान उसने पुलिस से हथियार छीना और उन पर एक राउंड गोली भी चलाई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो प्रभास को लगी. अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया.”

जवाबी कार्रवाई में प्रभास मंडल की मौत

वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 8 जुलाई की रात करीब 12:45 बजे बरुईपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज केस नंबर 1350/26 के जांच अधिकारी अपनी टीम और आरोपी प्रभास मंडल के साथ सूर्यापुर स्थित घटनास्थल पहुंचे. यहां क्राइम सीन को रिक्रिएट कराया जाना था.

पुलिस के अनुसार, क्राइम सीन रिक्रिएट करने से पहले ही आरोपी प्रभास मंडल ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर एक राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद उसने वहां से भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया. पुलिस उसे तुरंत बरुईपुर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अगले दिन तालाब से मिला शव

आपको बता दें कि दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में 5 जुलाई को 12 साल की बच्ची का शव एक तालाब से बरामद किया गया था. परिजनों के अनुसार, बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी. पीड़िता 4 जुलाई की शाम करीब 6 बजे लापता हुई थी और अगले दिन उसका शव बरुईपुर के एक तालाब से मिला था.

एसआईटी को मिले अहम डिजिटल सबूत

इस मामले की जांच के लिए शुभेंदु सरकार ने एसआईटी का गठन किया था. जांच के दौरान एसआईटी को कुछ अहम डिजिटल सबूत मिले. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की टावर लोकेशन 4 जुलाई को शाम 4:30 बजे से रात 11 बजे के बीच एक ही स्थान पर मिली. पुलिस का कहना है कि यह समय कथित वारदात के अनुमानित समय से मेल खाता है.

ये भी पढ़ें- दुनिया में फिर बढ़ा भारत का मान, PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button