Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, अगले कुछ घंटों में फिर तेज बारिश की संभावना

Delhi NCR Rain : दिल्ली-NCR में बुधवार (8 जुलाई) की सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. इससे मौसम सुहाना बना हुआ है. इससे पहले मंगलवार (7 जुलाई) को हुई बारिश और ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली. हालांकि, कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित रहा.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था. इस दौरान पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा से हवाएं चलीं.

दिल्ली के कई इलाकों में बारिश

पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी दर्ज की गई. इस अवधि में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 60 प्रतिशत दर्ज की गई. मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई थी, लेकिन इसके बाद शाम 5:30 बजे तक 11.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

गरज-चमक के साथ बारिश

आईएमडी का अनुमान है कि बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झोंकों के दौरान हवा की गति 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह या दोपहर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद शाम या रात में बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई गई है.

3 दिन तक तापमान रहेगा कम

आईएमडी ने बताया कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिसके बाद इसमें 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. वहीं, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है और उसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि गरज-चमक और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना रह सकता है.

ये भी पढ़ें- इंग्लैंड के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में उतरेगी Team India, हारते ही श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर बड़ा सवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button