बिज़नेस

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में हुआ बदलाव या नहीं? जानें आज का ताजा LPG रेट

LPG Cylinder Price : आज 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अगर यह रुझान जारी रहा तो अगस्त में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम घट सकते हैं.

सरकारी तेल कंपनियों ने 1 जुलाई को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की थी. वहीं, घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में आखिरी बदलाव जून में हुआ था, जब कीमतों में 29 रुपये तक की कमी की गई थी. इसके बाद से घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं.

सऊदी अरब ने घटाए कच्चे तेल के दाम

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सऊदी अरब ने एशियाई खरीदारों के लिए कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी कटौती की है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको अगले महीने के लिए Arab Light क्रूड ऑयल की कीमत 1.10 डॉलर प्रति बैरल घटाएगी. यह क्षेत्रीय बेंचमार्क से 1.50 डॉलर कम होगी और वर्ष 2000 के बाद एक महीने में की गई सबसे बड़ी कटौतियों में से एक मानी जा रही है.

क्यों सस्ता हो रहा है कच्चा तेल?

अमेरिका और ईरान के बीच हुए अंतरिम समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से तेल की सप्लाई सामान्य होने लगी है. इससे वैश्विक बाजार में आपूर्ति बढ़ी है और तेल उत्पादक देशों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज होने से कीमतों पर दबाव बना है.

अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक नरम बनी रहती हैं, तो अगस्त में तेल विपणन कंपनियां घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में कटौती पर विचार कर सकती हैं. हालांकि, फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button