Heavy Rain Maharashtra : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने महाराष्ट्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सबसे ज्यादा असर मुंबई और पुणे के बीच आवाजाही पर पड़ा है. खंडाला के पास हुए लैंडस्लाइड के बाद पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और मुंबई-पुणे नेशनल हाईवे पर यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है. प्रशासन ने हालात को देखते हुए लोगों से अगली सूचना तक मुंबई-पुणे या पुणे-मुंबई की यात्रा नहीं करने की अपील की है. यदि यात्रा बेहद जरूरी हो, तो केवल प्रशासन की ओर से जारी ताजा अपडेट और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
जानकारी के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास भूस्खलन हुआ, जिसके चलते मुंबई की ओर जाने वाली पूरी लेन बंद कर दी गई. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है.
मावल और तामिनी घाट क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के मुताबिक, एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग लिंक और मिसिंग लिंक के बीच कंक्रीट का एक पिलर गिरने से यातायात रोकना पड़ा. वहीं, मुंबई-पुणे हाईवे पर कई स्थानों पर जलभराव के कारण रास्ता बंद है. मावल और तामिनी घाट क्षेत्र में भी भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जबकि लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में भी भूस्खलन की घटना सामने आई है.
टीमें ट्रैक साफ करने में जुटीं
बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है. मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में कई जगह ट्रैक पर मिट्टी और बड़े पत्थर आ जाने से कुछ ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि टीमें ट्रैक साफ कर जल्द सेवाएं बहाल करने में जुटी हैं. सेंट्रल रेलवे के अनुसार, मुख्य लाइन की ट्रेनें 6 से 8 मिनट और हार्बर लाइन की ट्रेनें करीब 4 मिनट की देरी से चल रही हैं. वहीं, कुछ ट्रेनें रद्द की गई हैं और कुछ के रूट में बदलाव किया गया है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








