Other States

मुंबई में भारी बारिश का असर, आज स्कूल-कॉलेज बंद, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी टलीं

Mumbai Rain Alert : महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार (6 जुलाई) को मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर जिले के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है. इस संबंध में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने रविवार शाम आदेश जारी किया.

बीएमसी ने अपने आदेश में कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसी को देखते हुए एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है. वहीं पुणे, ठाणे और पालघर जिलों में भी सोमवार को शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे.

सभी परीक्षाएं स्थगित

भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बीच मुंबई विश्वविद्यालय ने भी सोमवार, 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. विश्वविद्यालय के परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड ने बताया कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा.

उधर, पुणे में मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने इसकी पुष्टि की है.

जरूरत हो तभी घर से निकलें

मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है. इसकी वजह से कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. 30 जून से अब तक बारिश से जुड़े हादसों में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है.

मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है. हालांकि सरकारी और निजी दफ्तर सामान्य रूप से खुले रहेंगे. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button