Ayatollah Khamenei : ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद एक बात सबसे ज्यादा चर्चा में रही. अंतिम नमाज में उनके परिवार के कई सदस्य, राष्ट्रपति, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और शीर्ष धार्मिक नेता मौजूद रहे, लेकिन उनके उत्तराधिकारी और मौजूदा सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए.
न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, अली खामेनेई के बेटे मसूद, मेयसाम और मुस्तफा अंतिम नमाज में शामिल हुए. इस दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर अहमद वहीदी भी मौजूद रहे. हालांकि, मोज्तबा खामेनेई की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए.
राष्ट्रपति और शीर्ष नेता रहे मौजूद
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल की ओर से उन्हें भी निशाना बनाए जाने की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनके सार्वजनिक रूप से सामने आने को जोखिम भरा माना. इसी वजह से उन्होंने अंतिम संस्कार में सार्वजनिक रूप से हिस्सा नहीं लिया.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, वरिष्ठ धार्मिक नेता आयतुल्ला जाफर सोभानी ने अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों की अंतिम नमाज अदा कराई. इस मौके पर राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, न्यायपालिका प्रमुख गुलामहुसैन मोहसनी एजेई और आईआरजीसी की कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कनी भी मौजूद रहे.
ट्रंप ने नेतन्याहू से रिश्तों पर दिया बयान
इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Axios से बातचीत में कहा कि उनके और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के रिश्ते अच्छे हैं, उन्होंने कहा, “नेतन्याहू जानते हैं कि बॉस कौन है.”
वहीं, जहाजों की निगरानी करने वाली कंपनी विंडवर्ड के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे चार जहाजों ने अपना मार्ग बदल लिया. इनमें दो जहाज वापस लौट गए, जबकि दो अन्य ने ओमान के दक्षिणी समुद्री मार्ग के बजाय ईरान के करीब वाले मध्य समुद्री मार्ग का रुख किया.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









