राष्ट्रीय

‘विग और हकलाने से थी नाराजगी’, सिया ने पुलिस पूछताछ में बताई केतन हत्याकांड की वजह

Ketan Agarwal Murder Case : पुणे के व्यापारी केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आ रहे हैं. हत्या के आरोप में गिरफ्तार की गई मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस पूछताछ में कई ऐसी बातें बताई हैं, जिनसे जांच टीम भी हैरान है.

पूछताछ के दौरान सिया ने कथित तौर पर बताया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. उसके अनुसार, केतन के सिर पर बाल कम थे और वह विग का इस्तेमाल करता था. सिया ने कहा कि यह बात उसे पसंद नहीं थी. इसके अलावा उसने केतन के हकलाने को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की.

परिवार को नहीं बताई बात

पुलिस के सामने सिया ने बताया कि शादी से पीछे हटने के पीछे कई वजहें थीं. इनमें पहला कारण उसका चेतन चौधरी के साथ रिश्ता होना बताया गया, जबकि अन्य वजहों में केतन के बालों और उसके हकलाने की बात शामिल थी. सूत्रों के मुताबिक, शादी तय करते समय सिया के परिवार को इन बातों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर स्वीकार कर लिया था.

जब पुलिस ने सिया से पूछा कि उसने परिवार को यह क्यों नहीं बताया कि वह यह शादी नहीं करना चाहती, तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह घरवालों को दुख नहीं पहुंचाना चाहती थी. इसके बजाय उसने हत्या की योजना बनाना आसान समझा.

पुलिस के अनुसार, सिया की योजना थी कि केतन की मौत ट्रेकिंग के दौरान हादसे जैसी दिखाई दे. उसका मानना था कि किले के इलाके में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण किसी को शक नहीं होगा.

गिरफ्तारी के बाद सिया से मिलने नहीं पहुंचा परिवार

लोनावाला ग्रामीण पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद अब तक सिया गोयल से मिलने कोई भी परिवार का सदस्य नहीं आया है. आमतौर पर ऐसे मामलों में परिजन थाने पहुंचते हैं, लेकिन इस मामले में सिया के माता-पिता और भाई में से कोई भी उससे मिलने नहीं आया.

वहीं, चेतन चौधरी के परिवार की तरफ से उसके पिता पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले की जानकारी लेते रहे हैं.

क्राइम सीन दोबारा तैयार करेगी पुलिस

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुणे ग्रामीण पुलिस अब लोहगढ़ किले पर घटना स्थल को फिर से तैयार कर जांच करेगी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वारदात के समय आरोपी कहां मौजूद थे और घटना किस तरह अंजाम दी गई.

जांच के दौरान डमी बॉडी का इस्तेमाल कर हमले की स्थिति और पूरी घटना की कड़ी जोड़ने की कोशिश की जाएगी. पुलिस का कहना है कि अभी तक मिले सबूत परिस्थितिजन्य हैं और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.

इसके अलावा पुलिस सिया गोयल के भाई से भी पूछताछ कर रही है. उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या सिया ने कभी केतन से शादी को लेकर आपत्ति जताई थी या फिर परिवार को इस बारे में कोई जानकारी दी थी. पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button