Delhi Metro : नई दिल्ली के प्रशासनिक और सत्ता केंद्र तक पहुंच अब पहले से अधिक सुगम होने जा रही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के तहत सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण ट्रिपल इंटरचेंज हब बन जाएगा, जहां येलो, वायलेट और मैजेंटा लाइन आपस में जुड़ेंगी।
लगभग 9 किलोमीटर लंबा भूमिगत कॉरिडोर
यह निर्माण कार्य DMRC के फेज-5A विस्तार योजना का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग तक मैजेंटा लाइन को आगे बढ़ाया जा रहा है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए इसे देश की राजधानी के लिए एक अहम विकास परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि यह लगभग 9 किलोमीटर लंबा भूमिगत कॉरिडोर है, जो लाखों यात्रियों की आवाजाही को सरल बनाएगा और दिल्ली के ट्रैफिक पर भी सकारात्मक असर डालेगा।
महत्वपूर्ण केंद्र सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन
करीब 9.9 किलोमीटर लंबे इस पूर्णतः अंडरग्राउंड कॉरिडोर में कुल 9 स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिनमें शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन होगा, जो पहली बार तीन मेट्रो लाइनों को एक ही स्थान पर जोड़ने का काम करेगा।
कहीं ज्यादा तेज और हो जाएगी आसान
इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद लुटियंस दिल्ली, सेंट्रल विस्टा, संसद भवन क्षेत्र, सुप्रीम कोर्ट, इंडिया गेट, नेशनल वॉर मेमोरियल और भारत मंडपम जैसे प्रमुख स्थलों तक पहुंच पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी। सरकार के अनुसार यह परियोजना केवल एक मेट्रो विस्तार नहीं है, बल्कि देश के सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
नई दिल्ली के व्यस्त इलाकों में सड़क यातायात
इससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों सरकारी कर्मचारी, वकील, पर्यटक और आम नागरिक लाभान्वित होंगे। साथ ही, नई दिल्ली के व्यस्त इलाकों में सड़क यातायात का दबाव कम होने की भी उम्मीद जताई जा रही है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- रक्सौल बॉर्डर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.5 क्विंटल गांजा बरामद, कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









