राष्ट्रीय

केतन को मारने की पहले भी हुई थी कोशिश, मौत के बाद सिया ने शेयर की भावुक पोस्ट

Pune Murder Case : महाराष्ट्र के पुणे जिले में रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. शुरुआती जांच में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था, लेकिन बाद में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या का मामला बताया है.

पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे. घटना के बाद सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गए. इसके बाद मामला आकस्मिक मृत्यु (ADR) के रूप में दर्ज किया गया था.

238 घंटे की बातचीत जांच के घेरे में

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिनसे घटना पर संदेह गहरा गया. जांच में सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच लगातार संपर्क के प्रमाण मिले. पुलिस के मुताबिक, 1 जनवरी से 18 जून के बीच दोनों के बीच 2,004 बार फोन पर बातचीत हुई और कुल 238 घंटे तक बात हुई थी.

पुलिस ने बताया कि फरवरी 2026 में केतन और सिया की सगाई हुई थी तथा दोनों की शादी नवंबर में प्रस्तावित थी. जांच में यह भी सामने आया कि सिया और चेतन एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे. पुलिस का दावा है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने तथा चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी.

जन्मदिन के बहाने दोबारा लोहागढ़ बुलाया गया

अधिकारियों के अनुसार, जांच में पता चला कि केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी. पुलिस ने बताया कि 14 जून को भी लोहागढ़ किले पर एक प्रयास किया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका. इसके बाद दोबारा योजना बनाई गई.

पुलिस के मुताबिक, सिया ने अपने जन्मदिन का हवाला देकर केतन को फिर से लोहागढ़ आने के लिए तैयार किया. बताया गया कि उसने किले पर पिकनिक और जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम बनाया, जिसमें परिवार और दोस्तों को भी शामिल किया गया. केतन इस कार्यक्रम के लिए तैयार हो गया और 18 जून को समूह के साथ लोहागढ़ पहुंचा.

दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस

जांच अधिकारियों का कहना है कि बाद में चेतन चौधरी भी वहां पहुंच गया. आरोप है कि किले के एक हिस्से में, जहां गहरी खाई थी, केतन को धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. अगले दिन उसका शव बरामद किया गया.

पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को हिरासत में लिया है. पुलिस का दावा है कि दोनों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल किया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

इंस्टाग्राम स्टोरी भी जांच का हिस्सा बनी

इस बीच, केतन की मां ने बताया कि वह सिया के साथ कई बार खरीदारी और अन्य कार्यक्रमों में गई थीं. उनके अनुसार, परिवार को कभी इस बात का अंदाजा नहीं था कि मामला इस मोड़ तक पहुंच जाएगा.

केतन की मौत के बाद सिया गोयल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक स्टोरी साझा की थी. पोस्ट में उसने केतन के निधन पर दुख जताते हुए लिखा था कि वह उसके जन्मदिन से ठीक पहले उसे छोड़कर चला गया. उसने यह भी कहा था कि दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे और इस घटना ने उसे कई अनुत्तरित सवालों के साथ छोड़ दिया है.

इंस्टाग्राम स्टोरी भी जांच का हिस्सा

पोस्ट में सिया ने दावा किया था कि वह केतन से बेहद प्यार करती थी और उसकी अचानक मौत को स्वीकार कर पाना उसके लिए मुश्किल है. उसने अंत में केतन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की थी.

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर साझा की गई इस इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और मामले से जुड़े अन्य सबूतों के साथ इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button