राष्ट्रीय

तमिलनाडु में सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव, 7 की मौत, 65 घायल, NDRF टीम मौके पर जुटी

Tamil Nadu Gas Leak : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक सीफूड एक्सपोर्ट फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव की गंभीर घटना सामने आई है। इस हादसे में 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 65 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 9 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

घटना सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट यूनिट में हुई, जहां गैस लीक होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

NDRF की टीम बचाव अभियान में जुटी

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अरक्कोनम स्थित NDRF की चौथी बटालियन से 30 सदस्यीय टीम मौके पर भेजी गई। टीम ने गैस डिटेक्शन उपकरणों और CBRN (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) आपदा से निपटने वाले विशेष संसाधनों के साथ राहत कार्य संभाला।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

जिला प्रशासन के अनुसार, घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें वेल्स हॉस्पिटल और वेंकटेश्वरा हॉस्पिटल शामिल हैं। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

24 से 25 वर्ष की युवा महिलाएं

अधिकतर प्रभावित कर्मचारी 24 से 25 वर्ष की युवा महिलाएं थीं। डॉक्टरों के अनुसार कई मरीजों का ब्लड प्रेशर कम है, लेकिन उम्र कम होने के कारण उनके ठीक होने की संभावना बनी हुई है।

झारखंड में भी हुई थी घटना

इसी तरह की एक अन्य घटना झारखंड के धनबाद में भी सामने आई, जहां एक पावर प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव के बाद हालात बिगड़ गए और मौतों की संख्या बढ़कर चार तक पहुंच गई। राहत दल ने शवों की तलाश और बचाव कार्य जारी रखा है।

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड गुरुद्वारे में कब्जा, निहंगों की धमकी- “अंदर आए तो काट देंगे”, इंटरनेट बंद, ITBP तैनात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button