International Yoga Day : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाकर मानवता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है, उन्होंने कहा कि योग के प्रति दुनिया में बढ़ती जागरूकता इस बात का प्रमाण है कि यह केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की दिशा में एक प्रभावी माध्यम बन चुका है. नड्डा ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना योग की वैश्विक स्वीकृति को दर्शाता है. उनका कहना था कि योग किसी एक देश की परंपरा तक सीमित न रहकर पूरी दुनिया की जीवनशैली का हिस्सा बने और मानव कल्याण का साधन बने, इसी उद्देश्य के साथ हर वर्ष योग दिवस मनाया जाता है
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को मानसिक शांति, संतुलन और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है. योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक मजबूती को भी बढ़ावा देता है, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग का निरंतर अभ्यास व्यक्ति को अपने शरीर और मन को बेहतर ढंग से समझने का अवसर देता है, जिससे जीवन को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकता है.
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” को केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं समझना चाहिए. उनके अनुसार योग हर आयु वर्ग के लोगों के लिए समान रूप से उपयोगी है और जीवन के प्रत्येक चरण में स्वास्थ्य, ऊर्जा तथा सकारात्मकता बनाए रखने में सहायक भूमिका निभाता है.
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग की सबसे बड़ी विशेषता लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना है, उन्होंने कहा कि आज योग के माध्यम से देश और दुनिया के लोग एक साझा मंच पर दिखाई दे रहे हैं, जो इसकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है.
प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वभर के लोगों और समूचे मानव समुदाय को शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन स्थापित करने और लोगों को आपस में जोड़ने का माध्यम है.
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की, उन्होंने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की नींव है, जबकि स्वच्छता स्वस्थ समाज की पहचान है. दोनों मिलकर एक मजबूत और बेहतर भारत के निर्माण में योगदान देते हैं.
ये भी पढ़ें- दुबई में गंदगी-ट्रैफिक नहीं, इस डर से रहते हैं लोग! भारतीय महिला का वायरल दावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









