
Weather Alert : बिहार में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में 20 जून से 22 जून तक लू (हीट वेव) और गर्म रात (वॉर्म नाइट) की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
गर्म और शुष्क हवाओं से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली गर्म एवं शुष्क हवाओं के कारण दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं रात में न्यूनतम तापमान अधिक रहने से उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। विभाग ने लोगों को तेज धूप से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून को उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। दूसरी ओर उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।
21 जून को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य जिलों में कुछ स्थानों पर उष्ण लहर का असर देखने को मिल सकता है। वहीं उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बारिश और तेज हवा की भी संभावना
मौसम विभाग ने 22 जून को भी दक्षिण-पश्चिम बिहार में हीट वेव का असर जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं अररिया, किशनगंज सहित सीमांचल क्षेत्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा और सुपौल जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में मिले-जुले रहे मौसम के हालात
पिछले 24 घंटों में बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मधुबनी जिले के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। हालांकि सारण, बक्सर और कैमूर जिलों में गर्मी का असर बरकरार रहा।
राज्य में सबसे अधिक तापमान कैमूर (भभुआ) में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राज्य में अधिकतम तापमान 29.9 से 42.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 से 29.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, राजनगर में सबसे अधिक 83 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लौकही में 53.2 मिमी, बरबीघा में 53 मिमी, गिरियक में 50.4 मिमी और बेनीपट्टी में 46.1 मिमी बारिश हुई।
इन बारिशों से कुछ क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है।
लू से स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार गर्मी और लू की स्थिति से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, अत्यधिक थकान और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, लंबे समय से बीमार लोगों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों पर पड़ सकता है। विभाग ने लोगों से लंबे समय तक धूप में रहने और अधिक शारीरिक मेहनत करने से बचने की अपील की है।
गर्मी में इन बातों का रखें ध्यान
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग अत्यधिक गर्मी में कठिन और श्रम वाले काम करने से बचें। साथ ही चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड शीतल पेय और अधिक प्रोटीनयुक्त या बासी भोजन से परहेज करने को कहा गया है।
लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सा सहायता
मौसम विभाग के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को तेज बुखार, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, सिरदर्द, भ्रम की स्थिति या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं।
प्राथमिक उपचार के बाद जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें- 5 बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पंजाब सरकार ने करवाया परिवारों से मिलाप : डॉ. बलजीत कौर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









