B-52 Bomber Crash : अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित मोजावे रेगिस्तान में एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के नजदीक अमेरिकी वायुसेना का एक B-52 स्ट्रैटोफ़ोर्ट्रेस बॉम्बर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह विमान नियमित परीक्षण उड़ान पर था. हादसे में विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई.
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही बचाव और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन विमान में लगी भीषण आग और दुर्घटना की गंभीरता के कारण किसी को भी बचाया नहीं जा सका.
उड़ान के कुछ समय बाद हुआ हादसा
बताया गया है कि विमान एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से निर्धारित परीक्षण मिशन के लिए रवाना हुआ था. उड़ान के कुछ समय बाद ही यह हादसे का शिकार हो गया. दुर्घटना के बाद घटनास्थल से उठता धुआं और आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं. हवाई तस्वीरों में विमान का मलबा बिखरा नजर आया, जबकि आसपास का रेगिस्तानी इलाका भी आग से प्रभावित हुआ.
विमान में सवार सभी लोगों की मौत
राहत और दमकल विभाग की टीमें कई घंटों तक मौके पर अभियान चलाती रहीं. अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में मौजूद सभी लोगों की मौत हो गई. मृतकों में वायुसेना के कर्मचारी और सरकारी अनुबंध पर कार्य करने वाले विशेषज्ञ शामिल थे.
412वें टेस्ट विंग के डिप्टी कमांडर कर्नल जेम्स हेस ने कहा कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना बेहद गंभीर थी और किसी के जीवित बचने की संभावना नहीं थी.
हादसे के कारणों की जांच शुरू
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है. अमेरिकी वायुसेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और अंतिम रिपोर्ट आने में करीब छह महीने का समय लग सकता है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान एक महत्वपूर्ण रडार आधुनिकीकरण कार्यक्रम से जुड़ा हुआ था.
ये भी पढ़ें – जयपुर में CJP प्रदर्शन के दौरान हंगामा, संस्थापक अभिजीत दीपके को युवक ने मारा थप्पड़
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









