Iran US tensions : ईरान-अमेरिका के बीच तनाव अब खाड़ी क्षेत्र में बड़े सैन्य टकराव की ओर बढ़ता दिख रहा है. होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जारी तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं. कई बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन अमेरिकी बेस की दिशा में दागे गए, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. हमलों के दौरान एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए गए और कई जगहों पर जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के मुख्यालय को मुख्य लक्ष्य बताया गया है. जानकारी के अनुसार, तड़के लगभग दो बजे ड्रोन और मिसाइल हमले हुए. ईरानी मीडिया का दावा है कि एक मिसाइल सीधे ठिकाने पर जाकर गिरी. इसके बाद बहरीन प्रशासन ने पूरे देश में सायरन बजाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की. स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, वहां 16 से अधिक धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय
कुवैत में भी अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया गया, जहां अली अल सलेम एयरबेस पर हमला हुआ. यह अमेरिकी वायुसेना का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है. कुवैती सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर हमलों को रोकने का प्रयास किया. कई धमाकों की जानकारी सामने आई और नागरिकों को सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए गए. ईरान का कहना है कि कुवैत में मौजूद अमेरिकी ठिकानों का इस्तेमाल उसके खिलाफ किया जा रहा था.
जॉर्डन ने 5 मिसाइलें नष्ट की
जॉर्डन में भी मिसाइलों को रोकने की कार्रवाई की गई. जॉर्डन की सेना के अनुसार, अल-अजराक क्षेत्र की ओर आ रही पांच मिसाइलों को बीच में ही नष्ट कर दिया गया. हालांकि मिसाइलों के कुछ मलबे जमीन पर गिरे, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. जॉर्डन ने कहा है कि वह अपने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है.
ईरान का 21 ठिकानों पर हमले का दावा
ईरान का दावा है कि उसने पूरे क्षेत्र में अमेरिका के कुल 21 एयर और नौसेना ठिकानों को निशाना बनाया है. साथ ही संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका की ओर से हमले जारी रहते हैं तो जवाब और भी कड़ा दिया जाएगा. ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिका से खाड़ी क्षेत्र छोड़ने की बात कहते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह का खतरा स्वीकार नहीं किया जाएगा.
ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








