विदेश

अमेरिका-ईरान में बढ़ा सैन्य टकराव, होर्मुज के पास कई धमाके, तेहरान ने भी किया जवाबी हमला

US-Iran Conflict : मिडिल ईस्ट में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं. अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिका ने आरोप लगाया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट उसके अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया गया, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने कार्रवाई की.

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन में स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े को ड्रोन हमले का निशाना बनाया. वहीं, ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार सिरिक, मिनाब और केशम द्वीप समेत कई इलाकों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. बाद में बंदर अब्बास और जास्क काउंटी में भी धमाकों की खबर सामने आई.

ईरान ने दिखाई सख्त प्रतिक्रिया

अमेरिकी डिजिटल समाचार मंच Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान के कई वायु रक्षा और रडार प्रतिष्ठानों पर हमला किया. इन घटनाओं के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कड़ी प्रतिक्रिया दी.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अमेरिका ने युद्ध क्षेत्र में अपनी स्थिति कमजोर होने के बावजूद ईरान की दृढ़ता को चुनौती देने का प्रयास किया है, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरानी सशस्त्र बल किसी भी हमले या धमकी का जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे और अमेरिका को क्षेत्र छोड़ने की सलाह दी.

अमेरिका इस घटना का जवाब देगा

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ घंटे पहले ही दावा किया था कि मिडिल ईस्ट में संघर्ष समाप्त करने को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. हालांकि, सोमवार को अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर के गिराए जाने की घटना के बाद ट्रंप ने कहा कि इस हमले के लिए ईरान जिम्मेदार है, उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में मौजूद दोनों पायलट सुरक्षित हैं, लेकिन अमेरिका इस घटना का जवाब देगा.

संघर्ष विराम के बावजूद नहीं थमा तनाव

बता दें कि 8 अप्रैल से दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम लागू है, लेकिन इसके बावजूद तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. पिछले सप्ताहांत ईरान और इजरायल के बीच फिर से हमलों की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई थी. बाद में दोनों देशों ने हमले रोकने की घोषणा की, लेकिन हालिया घटनाओं ने स्थिति को फिर से संवेदनशील बना दिया है.

ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button