West Bengal News : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में झारखंड के धनबाद से जुड़ा एक अहम कनेक्शन सामने आया है. जांच में पता चला है कि अपराधियों ने जिस बाइक का इस्तेमाल किया था, उस पर धनबाद के कर्मचारी विभाष भट्टाचार्य की बाइक का फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था. हालांकि बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विभाष भट्टाचार्य को इस मामले में पूरी तरह क्लीन चिट मिल गई है.
यह हाई-प्रोफाइल मामला चुनावी नतीजों के तुरंत बाद सामने आया था. इसकी जांच के लिए बंगाल पुलिस की एसआईटी टीम बीती रात धनबाद पहुंची और स्थानीय थाने में लंबी पूछताछ व जांच की गई. इसी दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं, जिनमें यह खुलासा भी शामिल है कि अपराध में इस्तेमाल बाइक पर लगाया गया नंबर असली नहीं था, बल्कि फर्जी तरीके से चिपकाया गया था.
जांच की दिशा धनबाद के पाथरडीह तक पहुंची
जांच में यह भी सामने आया कि यह रजिस्टर्ड नंबर धनबाद में कार्यरत विभाष भट्टाचार्य के नाम से जुड़ा हुआ है. इसी सुराग के आधार पर जांच की दिशा धनबाद के पाथरडीह इलाके तक पहुंची.
आगे की जांच में पता चला कि जिस बाइक पर यह नंबर लगाया गया था, वह वास्तव में चास नाला कार्यालय में कार्यरत और मूल रूप से बर्नपुर (पश्चिम बंगाल) निवासी विभाष भट्टाचार्य के नाम पर दर्ज है. बता दें कि कुछ साल पहले उनका तबादला हो चुका है.
पाथरडीह थाने में कई घंटों पूछताछ
इसके बाद बंगाल पुलिस की टीम ने धनबाद में पाथरडीह थाने में कई घंटों तक पूछताछ की और बाद में विभाष भट्टाचार्य के घर जाकर बाइक की भी जांच की. संबंधित कर्मचारी ने स्पष्ट किया कि घटना के समय वह अपने कार्यालय में मौजूद थे, जिसे सीसीटीवी फुटेज ने भी सही साबित कर दिया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अपराधियों ने अलग मॉडल और रंग की बाइक पर उनकी बाइक का नंबर प्लेट इस्तेमाल किया था.
ये भी पढ़ें- Sanjeev Arora Arrested : पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, दिल्ली मुख्यालय लेकर जाएगी ED
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









