Iran US Tensions : अमेरिका-ईरान के बीच प्रस्तावित दूसरे दौर की बातचीत को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. यह बातचीत पाकिस्तान में आयोजित होनी है. एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भेजने की बात कही है, वहीं ईरान की भागीदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. हालांकि पाकिस्तान का कहना है कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल इसमें शामिल हो सकता है.
तनाव की बड़ी वजह अमेरिका की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में की गई नाकेबंदी और ट्रंप के कड़े बयान हैं, जिससे तेहरान नाराज बताया जा रहा है. इसी कारण ईरान ने पहले इस्लामाबाद आने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने उसे मनाने की कोशिशें तेज कर दीं.
अमेरिकी रुख पर ईरान ने उठाए सवाल
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने ट्रंप पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अमेरिका दबाव बनाकर बातचीत को अपनी शर्तों पर ले जाना चाहता है, उन्होंने साफ कहा कि ईरान धमकियों के साये में किसी भी तरह की बातचीत स्वीकार नहीं करेगा और बीते दिनों में उसने मैदान में नई रणनीतियों की तैयारी भी की है. वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी अमेरिकी रुख पर सवाल उठाए हैं, उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री से बातचीत में कहा कि सीजफायर का बार-बार उल्लंघन कूटनीतिक प्रक्रिया में बड़ी बाधा बन रहा है. ईरान फिलहाल सभी पहलुओं पर विचार कर रहा है, लेकिन आगे क्या कदम उठाया जाएगा, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है.
बातचीत को लेकर अनिश्चितता बरकरार
इस बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भी ट्रंप से इस मुद्दे पर बात की है. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अमेरिकी नाकेबंदी को बातचीत में सबसे बड़ी रुकावट बताया. रॉयटर्स के हवाले से एक ईरानी अधिकारी ने कहा है कि पाकिस्तान में प्रस्तावित वार्ता में शामिल होने पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.
अमेरिकी नौसेना नाकेबंदी पर कायम
उधर ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि संघर्ष में अमेरिका बढ़त बनाए हुए है और ईरान के साथ समझौता होने के बाद ही होर्मुज क्षेत्र से अमेरिकी नौसेना अपनी नाकेबंदी हटाएगी. इन सबके बीच पाकिस्तान अब भी इस उम्मीद में है कि दोनों देशों के प्रतिनिधि इस्लामाबाद में आमने-सामने बैठेंगे, हालांकि बातचीत होगी या नहीं, इस पर संशय बरकरार है.
ये भी पढ़ें- वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









