US-Iran War : अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के लिए युद्धविराम तय हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद इजरायल ने लेबनान पर लगातार हमले जारी रखे हैं. अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में अब तक 254 लोगों की मौत हो चुकी है और 1165 से अधिक लोग घायल हुए हैं. हमलों में लेबनान के एक इमाम की भी मौत हुई है. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पहले ही स्पष्ट किया था कि यह युद्धविराम लेबनान पर लागू नहीं होगा.
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लेबनान पर जारी हमलों को लेकर चेतावनी दी है, उन्होंने कहा कि अगर लेबनान पर हमले नहीं रोके गए तो ईरान सीजफायर समझौते को रद्द कर देगा, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ईरान-अमेरिका युद्धविराम की शर्तें स्पष्ट हैं. अमेरिका को या तो युद्धविराम चुनना होगा या इजरायल के माध्यम से युद्ध जारी रखना होगा. दोनों एक साथ संभव नहीं हैं.”
होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक
लेबनान पर इजरायली हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा कदम उठाया. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी है. हिज्बुल्लाह ने भी चेतावनी दी है कि यदि लेबनान को सीजफायर में शामिल नहीं किया गया, तो समझौता टूट सकता है और इजरायल के हमलों का जवाब दिया जाएगा.
ब्रिटिश अखबार द गार्डियन के अनुसार, ईरानी नौसेना ने स्पष्ट किया है कि तेहरान की अनुमति के बिना होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जाएगा और उसे तबाह किया जा सकता है.
इजरायली हमलों के बाद ईरान का एक्शन
फार्स न्यूज एजेंसी ने भी रिपोर्ट किया कि लेबनान में इजरायली हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी. 8 अप्रैल की सुबह केवल दो टैंकरों को गुजरने की अनुमति दी गई.
इस बीच, इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने लेबनान में ‘सरप्राइज अटैक’ की जानकारी देते हुए कहा कि सैकड़ों हिज्बुल्लाह सदस्यों और कमांड सेंटर्स पर आक्रमण किया गया, उन्होंने इसे हिज्बुल्लाह के लिए बीपर्स 2024 के बाद सबसे बड़ा झटका बताया.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









