Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को शराब पीने के लिए दोस्त ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उसे नग्न कर दिया। घटना 27 मार्च की है, लेकिन इसका वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शराब का आदी है पीड़ित
पीड़ित युवक अमरदास (36 वर्ष) है, जो शराब का आदी है। वह कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी सरकारी अधिकारियों के घरों में सफाई का काम करती हैं। जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को अमरदास अपने दोस्त सरोज कुमार के पास गया और उसकी बाइक लेकर शराब पीने चला गया। जब वह वापस लौटा, तो पता चला कि उसने शराब खरीदने के लिए बाइक बेच दी है।
कपड़े उतारकर उसे नग्न किया
इसके बाद दोस्त ने उसकी जमकर पिटाई की, कपड़े उतारकर उसे नग्न कर दिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। राहगीरों ने जब यह देखा, तो उन्होंने युवक को बचाया और 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।
आगामी कार्रवाई में जुटी पुलिस
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवक खून से लथपथ दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पीड़ित ने पहले भी शिकायत दर्ज कराई थी। अब वीडियो के आधार पर मामला स्पष्ट होने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। आरोपी बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल फरार है।
ये भी पढ़ें- गुजरात में 10 रुपये के लिए लकवाग्रस्त व्यक्ति की हत्या, गांव में मचा शोक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









