राष्ट्रीय

सिद्धारमैया के सिर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज, कर्नाटक की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज

कर्नाटक में आज (20 मई) को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है। आपको बता दें कि इस विधानसभा चुनाव में कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस के हाथों को मजबूत करते हुए राज्य की सत्ता की कमान पार्टी को सौंप दी है। आज कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चेहरे सिद्धारमैया कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं डिप्टी सीएम के लिए डीके शिवकुमार शपथ लेंगे।

बता दें कि सीएम और डिप्टी सीएम के साथ मंत्री पद की शपथ लेने वाले नामों का भी खुलासा हो गया है। जिनमें जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, सतीश जारकिहोली, प्रियांक खरगे, रामालिंगा रेड्डी और बीजेड जमीर अहमद खान सीएम के साथ मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है। दोपहर 12.30 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पहुंच गई हैं। डीके शिवकुमार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से फोटो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि ‘शपथ ग्रहण समारोह के लिए आज हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।’

कांग्रेस के ट्विटर पर भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के स्वागत की तस्वीरें शेयर की गई हैं। एक अन्य ट्वीट में लिखा गया है कि ‘एक उल्लेखनीय यात्रा की शुरुआत करते हुए, हम कर्नाटक के लोगों से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए दृढ़ हैं। आइए साथ मिलकर एक समृद्ध भविष्य का निर्माण करें जो सभी कन्नडिगों का उत्सव मनाए और उनका उत्थान करे।’

कांग्रेस को मिली शानदार जीत

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटें जीती। वहीं भाजपा ने अपनी सत्ता गंवा दी। बीजेपी को इस चुनाव में बड़ा नुकसान हुआ। पार्टी को 66 सीटों पर जीत मिली। वहीं जेडीएस को भी 19 सीट मिली।

Related Articles

Back to top button