
Jharkhand: सीएम हेमंत सोरेन के शिलान्यास पर टाटा स्टील प्रबंधन ने ‘ब्रेक’ लगा दिया है। साकची से मानगो के बीच फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टाटा स्टील की ओर से एनओसी नहीं दी जा रही है। पथ निर्माण विभाग दो बार एनओसी के लिए पत्र लिख चुका है। इसके कारण अब तक विभाग टेंडर तक नहीं निकाल पाया है। इसका असर यह हुआ कि फ्लाईओवर के लिए सरकार की ओर से पहले फेज में मिले 48 करोड़ रुपए 31 मार्च को लैप्स हो जाएंगे। इससे पहले झारखंड मंत्रिमंडल ने इस फ्लाईओवर के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की थी।
मानगो फ्लाईओवर समेत 158 योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास
फिर पथ निर्माण विभाग ने फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 461 करोड़ की राशि स्वीकृति करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में 48 करोड़ का आवंटन किया था। इसके बाद गोपाल मैदान में 7 नवंबर को आयोजित एक समारोह में सीएम ने मानगो फ्लाईओवर समेत 158 योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास किया था। पथ निर्माण विभाग ने फ्लाईओवर निर्माण को स्वीकृत करते हुए तीन वित्तीय वर्ष में कुल लागत का आवंटन का आदेश दिया था। चालू वित्तीय वर्ष (2022-23) में निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए लागत का करीब 10 प्रतिशत यानी 48 करोड़ का आवंटन किया गया था। काम रफ्तार पकड़ने पर वित्तीय वर्ष 2023-24 में लागत का 50 प्रतिशत यानी 230 करोड़ व वित्तीय वर्ष 2024 -25 में 183 करोड़ विभाग की ओर से जमशेदपुर पथ प्रमंडल को उपलब्ध कराया जाता।
ये भी पढ़े: IAS राजीव अरुण एक्का ईडी कार्यालय पहुंचे, भाजपा ने लगाए थे गंभीर आरोप