Russia Ukraine Conflict : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में रूस पर आरोप लगाया कि वह कई देशों के नागरिकों को कथित रूप से गुमराह कर अपनी सेना में शामिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत समेत 47 देशों के नागरिकों को रूस ले जाकर युद्ध में भेजा गया।
भारत के नागरिकों को लेकर विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, रूसी सेना में कुल 227 भारतीय नागरिकों की भर्ती हुई थी। इनमें से 139 भारतीयों को रूसी सेना से मुक्त कराया जा चुका है, जबकि 51 नागरिकों की मौत की जानकारी सामने आई है। बाकी नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार रूस के साथ संपर्क में है।
रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की अपील
जेलेंस्की ने UN में अपने संबोधन के दौरान रूस की युद्ध क्षमता कम करने के लिए आर्थिक दबाव बढ़ाने की अपील की। उन्होंने भारत, चीन और तुर्किये से रूस के साथ ऊर्जा व्यापार को सीमित करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इससे रूस पर युद्ध रोकने का दबाव बढ़ सकता है।
उत्तर कोरिया पर भी लगाए आरोप
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने उत्तर कोरिया पर रूस की सहायता करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर कोरिया ने रूस की मदद के लिए सैनिक भेजे हैं और इसके बदले उसे आधुनिक सैन्य तकनीक मिल रही है। जेलेंस्की ने बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन तकनीक से जुड़ी सहायता का भी उल्लेख किया।
ऊर्जा ठिकानों पर हमलों को लेकर चेतावनी
जेलेंस्की ने कहा कि यदि रूस यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखता है, तो यूक्रेन भी रूस की ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बना सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका रूस और यूक्रेन के बीच ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए बातचीत की कोशिश कर रहा है।
ये भी पढ़ें- पंजाब के 8 लाख कर्मचारियों-पेंशनरों को बड़ा तोहफा, भगवंत मान सरकार ने बढ़ाया DA
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









