Delhi NCRमौसम

दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट, अगले 7 दिनों में तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी बढ़ने की संभावना

Delhi Weather : दिल्ली-NCR में एक बार फिर तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे उमस और गर्मी में इजाफा हो सकता है. हालांकि आज कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से थोड़ी राहत मिलने की संभावना हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी इसी अवधि के दौरान लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा होने का अनुमान है.

रविवार (14 जून) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आयानगर में यह 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

न्यूनतम तापमान में वृद्धि और सामान्य स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी गई है. कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जबकि बाकी हिस्सों में भी तापमान में बढ़ोतरी का रुझान रहा. इस दौरान राजधानी में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस अवधि में पश्चिमी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं.

येलो अलर्ट और मौसम की चेतावनी

IMD के अनुसार सोमवार (15 जून) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. आज आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग ने इस दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसके तहत दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.

मौसम विभाग ने बदलते मौसम और बढ़ते तापमान को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. साथ ही हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने तथा जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत दी गई है.

ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button