Security Breach: संसद में घुसपैठ का मास्टरमाइंड ललित झा गिरफ्तार

संसद की सुरक्षा में चूक मामले का मास्टरमाइंड ललित झा पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। इस बीच उसे लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसने राजस्थान के कुचामन भागने के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की थी। इसके लिए उसने अपने सहयोगियों का मोबाइल फोन जला दिया था।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले चारों आरोपियों ने अपना मोबाइल फोन ललित को दे दिया था, जिससे अहम सबूत पुलिस के हाथ न लगने पाए। सभी को गिरफ्तारी का डर पहले से ही था।
वहीं,पूछताछ के दौरान ललित ने बताया कि कुचामन में वह अपने मित्र महेश से मिला, जिसने उसे रात में रहने के लिए कमरा दिया था। महेश से वह फेसबुक के जरिए मिला था। संसद में हुए घटना के दौरान ललित भी मौके पर मौजूद था। वह बाहर से दर्शक दीर्घा में गए अपने साथियों का वीडियो बना रहा था।
सात दिन की हिरासत में आरोपी
दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने गुरुवार को चारों आरोपियों को संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में सात दिन की हिरासत में भेज दिया है। साथ ही अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. हरदीप कौर ने सभी चार आरोपियों मनोरंजन डी, सागर शर्मा, अमोल धनराज शिंदे और नीलम देवी के मकसद के उद्देश्य का पता लगाने और जांच के लिए मुंबई, मैसूर और लखनऊ जाने की अनुमति दी।
पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।