Punjab News : पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 256वें दिन पूरे राज्य में बड़ी कार्रवाई की. पुलिस टीमों ने गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 592 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 275 लोगों को गिरफ्तार किया. इनके पास से 16 हथियार भी बरामद किए गए. अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 75,810 तक पहुंच गई है. इसके अलावा 195 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि छह भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया.
20 जनवरी 2026 से जारी है अभियान
पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने की थी. इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही हैं.
पुलिस ने लोगों से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त जानकारी साझा करने की अपील की है. इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है. इस नंबर पर अपराध और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचना भी दी जा सकती है.
नशा तस्करों पर भी कार्रवाई
पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशेयां के विरुद्ध’ अभियान के 581वें दिन भी कार्रवाई जारी रखी और 146 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 11.7 किलोग्राम हेरोइन, 672 ग्राम अफीम, 80 किलोग्राम भुक्की, 1,699 नशीली गोलियां और 15,600 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. इस अभियान के तहत केवल 581 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 81,602 हो गई है.
29 लोगों को नशा छोड़ने के लिए किया राजी
नशा छुड़ाने और पुनर्वास की दिशा में भी पंजाब पुलिस की कार्रवाई जारी है. पुलिस ने 29 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया। इस तरह पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा में लाने पर भी जोर दिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें – काशी के आसमान में गूंजेगा वायुसेना का शौर्य, नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









