Uttar Pradesh

बीजेपी से बागी MLC प्रत्याशी संजय त्रिपाठी सपा में शामिल, अखिलेश यादव ने बनाया उम्मीदवार

UP News : उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के शिक्षक-स्नातक चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों में बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने बीजेपी से नाराज चल रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी और डॉ. आकाश अग्रवाल को अपने साथ जोड़ लिया है. लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और नए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया.

डॉ. संजयन त्रिपाठी गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी से टिकट की उम्मीद कर रहे थे. पार्टी की ओर से ध्रुव कुमार त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्होंने नाराजगी जताई और निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी से बीजेपी का झंडा भी हटा दिया था.

संजयन को गोरखपुर-फैजाबाद से टिकट

अब समाजवादी पार्टी ने डॉ. संजयन त्रिपाठी को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित किया है. पार्टी ने पहले यहां कमलेश यादव को प्रत्याशी बनाया था. अब उनकी जगह संजयन त्रिपाठी चुनाव मैदान में होंगे.

इसी के साथ डॉ. आकाश अग्रवाल को आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है. सपा ने पहले इस सीट पर घोषित प्रत्याशी को बदलकर आकाश अग्रवाल को मैदान में उतारने का फैसला किया है. दोनों नेताओं के पार्टी में शामिल होने की घोषणा अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता में की.

अखिलेश ने बदले दो उम्मीदवार

सपा ने एक ही समय में दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों में बदलाव किया है. अखिलेश यादव ने पहले घोषित उम्मीदवारों के प्रति आभार जताते हुए नए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए. अब दोनों सीटों पर चुनावी मुकाबला नए समीकरणों के साथ आगे बढ़ेगा.

बीजेपी की ओर से इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं संजयन त्रिपाठी के सपा में शामिल होने के बाद गोरखपुर-फैजाबाद सीट का मुकाबला और अधिक चर्चा में आ गया है.

ये भी पढ़ें – CEC के खिलाफ सड़कों पर संग्राम: दिल्ली में AAP का प्रदर्शन, मुंबई में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button