Uttar Pradesh

सुल्तानपुर में बड़ा हादसा, पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक से टकराई, 4 की मौत

UP News : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. पंचकुला से देवरिया शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसे में शहीद के बेटे, भाई और भतीजे समेत चार लोगों की मौत हो गई.

हादसा सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 79.6 पर हुआ. बताया गया कि एंबुलेंस में शहीद के परिवार के सदस्य भी सवार थे और सभी पंचकुला से पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रहे थे.

टक्कर इतनी भीषण कि पिचक गया केबिन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी. हलियापुर के पास अचानक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन पिचक गया.

हादसे में शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौत हो गई. गौरव सिंह और चालक जसपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ को अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई.

शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद

हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस में फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी. सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

देवरिया के रुद्रपुर निवासी सेना के सुबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकुला में शहीद हुए थे. उनका पार्थिव शरीर लेने के लिए उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और बेटे गौरव सिंह पंचकुला पहुंचे थे. 3 अक्टूबर की देर रात तीनों एंबुलेंस से पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे.

घर पहुंचने से पहले परिवार के तीन सदस्यों की मौत

देवरिया पहुंचने से पहले ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया. हादसे के बाद शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हलियापुर थाने में रखवाया गया है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस एंबुलेंस चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जता रही है. हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें – काशी के आसमान में गूंजेगा वायुसेना का शौर्य, नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button