UP News : समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति को लेकर योगी सरकार के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. राजभर ने दावा किया कि पंडित और पिछड़ा वर्ग सपा के साथ नहीं है, उन्होंने यह भी कहा कि जो थोड़ा-बहुत दलित समाज सपा के साथ आया था, वह भी अब खुलकर सामने आने लगा है.
ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को अपने X हैंडल पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर तंज कसा, उन्होंने लिखा कि 2027 में सत्ता के बारे में सोचने से पहले 2027 से पहले सपा को कैसे बचाया जाए, इस पर सोचना शुरू कर दीजिए. राजभर ने दावा किया कि सपा के लोग ही उसके PDA की पोल खोल रहे हैं.
राजभर ने अपने पोस्ट में PDA के ‘P’ को लेकर पंडित और पिछड़ा वर्ग का जिक्र किया और कहा कि दोनों सपा के साथ नहीं हैं, उन्होंने यह भी दावा किया कि दलित समाज का एक हिस्सा भी अब सपा के खिलाफ खुलकर खड़ा होने लगा है.
सहारनपुर सर्किट हाउस का किया जिक्र
राजभर ने सहारनपुर सर्किट हाउस में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सपा के PDA की असली पोल सामने आ गई, उन्होंने सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का नाम लेते हुए दावा किया कि वह भी वहीं मौजूद थे.
राजभर ने कहा कि दलित समाज की जिला पंचायत सदस्य ममता चौधरी ने बैठक में सपा नेताओं के सामने अपनी बात रखी. राजभर के मुताबिक, दलित और गैर-यादव पिछड़ा समाज के सपा कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की नीतियों को लेकर सवाल उठाए.
अखिलेश पर सोशल मीडिया को लेकर तंज
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया को लेकर भी तंज कसा, उन्होंने कहा कि अखिलेश ट्विटर और प्रेस कॉन्फ्रेंस के महारथी हैं, इसलिए अपने नेताओं को भी शांति से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का सलीका सिखाएं.
उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर सर्किट हाउस में सपा नेता कुर्सी के लिए लड़ रहे थे. साथ ही पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के आरोप भी लगाए.
प्रेसवार्ता में हुआ था हंगामा
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले सहारनपुर सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान हंगामा हुआ था. सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के सामने पार्टी के नेता आपस में भिड़ गए थे. पार्टी की नीतियों पर चर्चा के दौरान कुछ पदाधिकारियों ने खुलकर विरोध जताया था. बाद में देहात विधायक आशु मलिक ने किसी तरह सभी को शांत कराया था.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









