Health News : कुछ लोगों को सुबह-सुबह उठने पर आंखों के आसपास सूजन और चेहरा फूला हुआ दिखाई देता है। अक्सर लोग इसे नींद की कमी, देर तक जागना या सोने की गलत मुद्रा से जोड़ देते हैं, लेकिन यह सिर्फ इन्हीं कारणों तक सीमित नहीं हो सकता। लगातार सुबह के समय चेहरे पर सूजन बनी रहना किडनी की समस्या का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से परामर्श करना जरूरी है।
अन्य अंगों में भी दिख सकते हैं संकेत
डॉ. भुमेश त्यागी, इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ, शारदा हॉस्पिटल के अनुसार, किडनी की खराबी को केवल पेशाब में बदलाव से जोड़ा जाता है, लेकिन यह जरूरी नहीं है। किडनी की सेहत प्रभावित होने पर शरीर के अन्य अंगों में भी संकेत दिख सकते हैं। शुरुआती संकेतों में से एक है आंखों के चारों ओर सूजन, जिसे पेरिऑर्बिटल पफीनेस कहते हैं। यह तब होता है जब किडनी मूत्र में प्रोटीन का रिसाव शुरू कर देती हैं।
सोने के तरीके भी बन सकते हैं कारण
जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तो एल्ब्यूमिन नामक प्रोटीन, जो रक्त में तरल पदार्थ बनाए रखने में मदद करता है, मूत्र के साथ बाहर निकलने लगता है। इससे शरीर में प्रोटीन की कमी हो जाती है और पानी टिश्यू में जमा होने लगता है। सोने की मुद्रा भी इस सूजन को बढ़ा सकती है। खासतौर पर सीधे लेटने पर तरल पदार्थ आंखों के आसपास जमा होता है, जबकि दिन में चलने-फिरने पर गुरुत्वाकर्षण इसे पैरों की ओर खींच लेता है, जिससे चेहरे की सूजन कम लगती है।
डिहाइड्रेशन या अत्यधिक नमक का सेवन
नींद की कमी, एलर्जी, डिहाइड्रेशन या अत्यधिक नमक का सेवन भी चेहरे की सूजन को बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही कुछ अन्य लक्षण भी खतरनाक संकेत दे सकते हैं, जैसे झागदार पेशाब, टखने की सूजन, थकान और उच्च रक्तचाप।
डॉ. की सलाह से बचाव हो सकता है
विशेष सावधानी की आवश्यकता उन लोगों को है जिनके परिवार में किडनी की बीमारी रही हो या जो डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित हों। ऐसे लोग नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Middle East Conflict : ईरानी फौज में बच्चों की भर्ती शुरू, युद्ध में करेंगे सेना की सहायता
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









