Jharkhand

जमशेदपुर में स्कूल बस की चपेट में आने से 7 साल की बच्ची की मौत, दो घायल, लोगों ने किया सड़क जाम

School Bus Accident : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें स्कूल बस की टक्कर से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मृतक बच्ची की पहचान भोला बागान निवासी रूही कुमारी (7) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रूही अपने परिवार के साथ अन्ना चौक के पास कार धुलवाने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

अस्पताल ले जाते वक्त हुई मौत

हादसे में रूही गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में 11 वर्षीय रेहान और 21 वर्षीय रोशन शर्मा भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है।

बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार

घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस हरकत में आई और आसपास के थानों को बस की सूचना दी गई। पुलिस ने पीछा करते हुए हुरलुंग स्थित टेल्को बीएड कॉलेज के पास बस को रोक लिया।

पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासन के खिलाफ जताया विरोध

हादसे की जानकारी मिलते ही अन्ना चौक और आसपास के इलाके के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। बच्ची की मौत से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

ये भी पढ़ें- IndianOil की नई सेवा से बदलेगी तस्वीर, अब 3-4 घंटे में गैस सिलेंडर डिलीवरी का दावा, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button