Jharkhandराज्य

छात्र आंदोलन के बीच JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खांग्याते गिरफ्तार, छापे के बाद दिया था इस्तीफा

JPSC Former Chairman Arrested : झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और विधानसभा मार्च के बीच JPSC से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. खांग्याते को CID ने गिरफ्तार कर लिया है. JPSC की परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं की जांच के बीच हुई इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है.

एल. खांग्याते इससे पहले JPSC के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे चुके हैं. 22 जुलाई 2026 को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था. यह इस्तीफा उस समय हुआ था, जब CID ने JPSC परीक्षा से जुड़ी कथित धांधली के मामले में छापेमारी की थी. वहीं, एक दिन पहले JPSC के तीन सदस्यों के इस्तीफे की बात भी सामने आई थी.

सात घंटे चली थी पूछताछ

झारखंड CID ने सोमवार को एल. खांग्याते से करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी. यह पूछताछ JPSC की ओर से आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में हुई थी.

एक अधिकारी के मुताबिक, खांग्याते सुबह करीब 11 बजे CID अधिकारियों के सामने पेश हुए थे और शाम करीब 6 बजे एजेंसी के कार्यालय से बाहर निकले. इस मामले में उनसे पूछताछ का यह चौथा दौर था. इसी दौरान CID ने राज्यभर में 18 जगहों पर छापेमारी भी की थी. जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कथित अनियमितताओं के पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

ब्लैकलिस्टेड कंपनी को लेकर सवाल

एल. खांग्याते पर JPSC की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा आयोजित कराने के लिए एक ऐसी कंपनी को चुनने का आरोप है, जो पहले से ब्लैकलिस्टेड थी. प्रदर्शनकारी छात्र इसी कंपनी को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

छात्रों की मांग है कि ब्लैकलिस्टेड कंपनी TDPL द्वारा आयोजित की गई सभी परीक्षाओं को रद्द किया जाए. JPSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं.

पूर्व मुख्य सचिव भी रह चुके हैं खांग्याते

बता दें कि एल. खांग्याते झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव भी रह चुके हैं. JPSC से जुड़े विवाद के बीच उनकी गिरफ्तारी ने छात्रों के आंदोलन के बीच मामले को और अहम बना दिया है.

फिलहाल CID की कार्रवाई और जांच पर नजर बनी हुई है. वहीं, प्रदर्शनकारी छात्र अपनी प्रमुख मांगों पर कायम हैं और भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य की संभावना से किया इनकार, कहा- जब तक मैं PM हूं, फिलिस्तीनी राज्य नहीं…

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button