Domestic Violence : हरियाणा के गुरुग्राम से एक हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली. जानकारी के अनुसार, चौमा गांव इलाके में रहने वाली गुंजन की उसके पति ने हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति सुनील को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी पिछले कुछ समय से चौमा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक किराए के घर में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील मूल रूप से समस्तीपुर का रहने वाला है और गुरुग्राम में मजदूरी कर अपना गुजारा करता था.
घरेलू झगड़ा पहुंचा खौफनाक अंजाम तक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले ली. गुस्से में आकर सुनील ने कमरे में रखे छोटे गैस सिलेंडर से गुंजन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
अगले दिन जब पड़ोसियों ने देखा कि कमरा लंबे समय से बंद है, तो उन्हें शक हुआ. खिड़की से अंदर झांकने पर महिला का शव पड़ा दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मकान मालिक से पूछताछ में पता चला कि दोनों पति-पत्नी कई महीनों से वहां रह रहे थे. पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए उसे अगले ही दिन पकड़ लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- LPG Crisis Charge : होटल और रेस्टोरेंट अब ग्राहकों से नहीं ले सकेंगे LPG चार्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








