Gujarat News : गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई श्रद्धालुओं की जान चली गई। लखतर-विरामगाम नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों में पुरुष-महिलाएं शामिल
पुलिस के अनुसार यह घटना देर रात करीब 1:30 बजे हुई, जब श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी माता मंदिर की ओर पैदल जा रहा था। सभी लोग सड़क किनारे चल रहे थे, तभी पीछे से तेज गति में आए ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं और एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई, जो सड़क किनारे मौजूद था। मृतकों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। हादसा 4 दिन पहले सोमवार का बताया जा रहा है।
धार्मिक यात्रा पर थे श्रद्धालु
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर थे और रास्ते में यह हादसा हो गया।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक संदेश जारी करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- भारत ने ईरानी तेल का भुगतान युआन में किया, सात साल बाद बड़ी खरीद, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









