राष्ट्रीय

शाहरुख, टाइगर और अजय देवगन को FDA का नोटिस, विज्ञापन पर मांगा जवाब

Advertisement Controversy : इलायची के एक विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के तीन बड़े अभिनेता मुश्किल में पड़ गए हैं. महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. विभाग ने विज्ञापन में उनकी भूमिका और प्रचारात्मक समर्थन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है.

FDA का आरोप है कि यह विज्ञापन प्रतिबंधित पान मसाला के अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रचार से जुड़ा हो सकता है. विभाग के मुताबिक, विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए ब्रांड नाम, संवाद और प्रस्तुति से उस ब्रांड को पान मसाला से जोड़ने का संदेश जाता है.

महाराष्ट्र में पान मसाला पर रोक

FDA के अनुसार, महाराष्ट्र में 13 जुलाई 2026 के आदेश के तहत पान मसाला जैसे प्रतिबंधित उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए रोक लगाई गई है.

विभाग ने इसी नियम के मद्देनजर इलायची वाले विज्ञापन को जांच के दायरे में लिया है. FDA यह देख रहा है कि विज्ञापन की सामग्री और उसमें शामिल कलाकारों की भूमिका खाद्य सुरक्षा कानून के प्रावधानों के अनुरूप है या नहीं.

10 लाख रुपये तक हो सकता है जुर्माना

FDA ने नोटिस में Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा 24 और 53 का हवाला दिया है. विभाग के मुताबिक, भ्रामक खाद्य विज्ञापन के मामले में 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.

कानून के तहत खाद्य पदार्थों से जुड़े ऐसे विज्ञापनों पर रोक है, जो भ्रामक हों या खाद्य सुरक्षा कानून और उसके तहत बनाए गए नियमों एवं विनियमों का उल्लंघन करते हों.

ऑनलाइन और दूसरे प्लेटफॉर्म पर चल रहा विज्ञापन

जारी नोटिस में कहा गया है कि इलायची से संबंधित यह विज्ञापन ऑनलाइन और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है. FDA ने इसमें शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की भागीदारी को लेकर जवाब मांगा है.

तीनों अभिनेताओं से यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए. अब मामले में आगे की स्थिति उनके जवाब और FDA की जांच के आधार पर स्पष्ट होगी.

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button