अलीगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले- तीसरी लहर खतरनाक नहीं, लेकिन सावधानी जरूरी

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में (CM Yogi in Aligarh) दीन दयाल अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनें कहा कोरोना के अब तक जो परिणाम आए हैं इससे मैं कह सकता हूं कि तीसरी लहर खतरनाक नहीं है लेकिन सावधानी बरतनी जरूरी है क्योंकि इसमें संक्रमण तीव्र है। जो इसके चपेट में आ रहा है अगर उसमें लक्षण हैं तो उसे बुखार रहता है और 3-5 दिन में उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आ जाती है।
अलीगढ़ में 32 लाख से अधिक डोज़ दी गई
उ.प्र. के CM अलीगढ़ (CM Yogi in Aligarh) में बोले प्रदेश में 24 करोड़ से अधिक डोज़ दी जा चुकी हैं और अलीगढ़ में 32 लाख से अधिक डोज़ दी गई है और 96% लोगों को पहली डोज़ और 57% लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। 15-18 साल के बच्चों को 2.57 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई गई और 62% लोगों को बूस्टर डोज दिया गया है।
कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण तीव्र है, लेकिन खतरनाक नहीं
UP CM ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व व उनके मार्गदर्शन में भारत के कोरोना प्रबंधन की सर्वत्र सराहना हुई है। इसमें जीवन व जीविका दोनों के बचाव का पूरा प्रबंध किया गया है। सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश ने कोरोना प्रबंधन में पूरे देश में अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया है। पहली व दूसरी लहर की भांति इस तीसरी लहर के दौरान भी हर जनपद में की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा हो रही है। कोरोना की इस तीसरी लहर में संक्रमण तीव्र है, लेकिन खतरनाक नहीं है। सावधानी व सतर्कता आवश्यक है।
CM बोले कोविड संक्रमित कुल रोगियों में से 01% से भी कम मरीज अस्पताल में हैं। शेष मरीजों का होम आइसोलेशन में सफलतापूर्वक उपचार हो रहा है। भारत में किसी भी महामारी के लिए स्वदेशी वैक्सीन पहली बार देखने को मिली है। भारत में बनीं दोनों वैक्सीन बहुत प्रभावी हैं। जनपद अलीगढ़ में 32.77 लाख से अधिक वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। यहां 96% लोगों को पहली डोज, 57% लोगों दूसरी डोज व 62% लोगों को प्रिकॉशन डोज दी जा चुकी हैं। किशोर वर्ग के 2.57 लाख से अधिक नवयुवकों को टीके की डोज उपलब्ध कराई जा चुकी है।
भारत में लगभग 160 करोड़+ वैक्सीन की डोज दी जा चुकी
उन्होनें कहा मुझे प्रसन्नता है कि भारत में लगभग 160 करोड़+ वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। प्रदेश में 24.54 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं। मेडिकल ऑक्सीजन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हेतु प्रदेश में 551 ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए व सभी क्रियाशील हैं। मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि जनपद अलीगढ़ में 11 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हुए हैं। मैं सभी का आह्वान करूंगा कि बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति, कमजोर इम्युनिटी के लोग, बच्चे व गर्भवती महिलाएं अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। शेष अन्य लोग घर से बाहर निकलें तो मास्क अवश्य लगाएं। भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।