Punjab

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान: 274 जगहों पर छापेमारी, 386 लोग गिरफ्तार

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब में नशों को जड़ से खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत राज्यभर में चिन्हित 274 हॉटस्पॉट पर बड़े स्तर पर घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (CASO) चलाया नशीले पदार्थों की बिक्री वाले इन चिन्हित स्थानों पर पुलिस ने एक साथ कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जांच की.

यह अभियान पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के दिशा-निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 233 एफआईआर दर्ज कीं और 386 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 4.1 किलोग्राम हेरोइन, 1.4 किलोग्राम अफीम, 4 किलोग्राम पोस्त की भूसी, 4,237 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 5,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई.

82 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां

अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने बताया कि 1 मार्च 2025 को शुरू किए गए ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक राज्यभर में 64,598 एफआईआर दर्ज कर 82,739 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

उन्होंने बताया कि इस दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से कुल 4,198 किलोग्राम हेरोइन, 1,009 किलोग्राम अफीम, 481 क्विंटल पोस्त की भूसी, 1,750 किलोग्राम गांजा, 65.85 लाख नशीली गोलियां/कैप्सूल, 78 किलोग्राम ‘आईसीई’ और 22.58 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है.

‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान में भी पुलिस की कार्रवाई

इस बीच, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 259वें दिन भी पंजाब पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी. पुलिस टीमों ने चार हथियारों के साथ 260 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 76,590 हो गई है.

पुलिस ने इस दौरान 229 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की, जबकि जांच और पूछताछ के बाद 12 व्यक्तियों को रिहा कर दिया गया. अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया.

पंजाब पुलिस के अनुसार, नशे की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ राज्यभर में अभियान लगातार जारी है. ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियानों के माध्यम से पुलिस द्वारा हॉटस्पॉट, नशा तस्करों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का 258वां दिन, पंजाब पुलिस ने 575 ठिकानों पर की छापेमारी, 231काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button