Punjab

मत्स्य पालन विभाग में दो युवाओं को नौकरी, मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने दिए नियुक्ति पत्र

Punjab, New : पंजाब के कृषि एवं सहायक व्यवसायों को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कदम उठा रही है. इसी कड़ी में पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मत्स्य पालन विभाग में नवनियुक्त दो उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इनमें एक मल्टीपरपज फिशरीज स्किल्ड वर्कर और एक फिशरमैन (मछली पालक) शामिल हैं.

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ये नियुक्तियां वर्ष 2022 से जारी निरंतर भर्ती अभियान का हिस्सा हैं. इस अभियान के तहत अब तक मत्स्य पालन विभाग में 55 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भर्ती की जा चुकी है, उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से विभाग की प्रशासनिक, तकनीकी और कार्यकारी क्षमता में काफी वृद्धि हुई है.

मंत्री ने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की मत्स्य पालन क्षेत्र को बढ़ावा देने और प्रदेशभर के मछली पालकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

रोजगार के साथ बेहतर सेवाएं

नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि वर्ष 2022 से लगातार चल रहे भर्ती अभियान के तहत नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं, उन्होंने कहा कि यह मत्स्य पालन विभाग के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण के प्रति सरकार की ठोस प्रतिबद्धता का प्रमाण है.

उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन अधिकारियों से लेकर तकनीकी अमले और कुशल कामगारों तक विभिन्न कैडरों में योग्य युवाओं को शामिल किया जा रहा है. इससे विभागीय कामकाज को सुचारू बनाने के साथ-साथ मछली पालकों को बेहतर सेवाएं और तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाना भी सुनिश्चित होगा.

खुड्डियां ने बताया कि विभिन्न कैडरों में कुशल पेशेवरों की भर्ती से विभाग का जमीनी और प्रशासनिक कामकाज काफी मजबूत हुआ है, उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों के साथ पंजाब मत्स्य पालन विभाग टिकाऊ एक्वाकल्चर पद्धतियों को बढ़ावा देने, मछली उत्पादन बढ़ाने और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से काम करेगा.

टिकाऊ मत्स्य पालन और आय बढ़ाने पर जोर

पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि मत्स्य पालन विभाग पंजाब में एक्वाकल्चर और मत्स्य पालन के टिकाऊ विकास एवं विस्तार के मिशन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा कि नवीन विचारों और तकनीकों, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, तकनीकी प्रशिक्षण तथा जमीनी स्तर पर सहायता के माध्यम से विभाग सभी हितधारकों, विशेष रूप से मछली पालकों की आय और जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रहा है.

राहुल भंडारी ने कहा कि विभाग जल संसाधनों के प्राकृतिक संतुलन और दीर्घकालिक स्थिरता को बनाए रखते हुए मत्स्य पालन क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रहा है. नई नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार का शिक्षामित्रों को बड़ा तोहफा, बढ़ा मानदेय, ₹460 करोड़ से ज्यादा जारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button