राष्ट्रीय

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर अस्थायी रोक

Telegram Ban News : NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी. परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं. इसी क्रम में टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है. साथ ही 30 जून तक प्लेटफॉर्म पर मैसेज एडिट करने की सुविधा भी बंद रहेगी. सरकार का मानना है कि इन उपायों से परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता और नकल गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगाने में काफी हद तक मदद मिलेगी.

दोबारा परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने या उसकी पारदर्शिता को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

परीक्षा केंद्रों पर बढ़ाई गई सुरक्षा निगरानी

परीक्षा की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रश्न पत्रों के परिवहन में भारतीय वायुसेना की सहायता ली जाएगी. वहीं, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने और स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए सीआरपीएफ तथा सीआईएसएफ के जवान भी तैनात किए जाएंगे.

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बड़े बदलाव

वहीं, एनटीए ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ बदलावों की घोषणा की है. उम्मीदवारों को अतिरिक्त 15 मिनट का समय दिया जाएगा. इसके अलावा प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए उपलब्ध पृष्ठों की संख्या बढ़ा दी गई है. पहले जहां छात्रों को दो पृष्ठ मिलते थे, वहीं अब चार पृष्ठ उपलब्ध कराए जाएंगे.

कुल 195 मिनट की होगी परीक्षा अवधि

एनटीए के अनुसार, 21 जून को होने वाली परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी. कुल 195 मिनट की अवधि में परीक्षा संचालन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं भी शामिल रहेंगी. इन बदलावों का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना है.

ये भी पढ़ें – ईडी पार्टी के पदाधिकारी पंजाब में नशा बेचते पकड़े गए, क्या ईडी पार्टी से नशे के तार जुड़े हैं? – केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button