मनोरंजनराजनीति

‘घूसखोर पंडत’ के विरोध में उतरी बसपा प्रमुख मायावती, लखनऊ में मामला दर्ज

Ghooskhor Pandat Controversy: अभिनेता मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद काफी बढ़ चुका है। देश के अलग-अलग हिस्सों में फिल्म के नाम को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। तो वहीं एफएमसी ने भी फिल्म के अनअथराइज्ड टाइटल को लेकर मेकर्स को नोटिस भेजा है। इस बीच अब इस मामले में बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी एंट्री हो चुकी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर पोस्ट कर कहा कि इस तरह के कंटेंट से समाज में गलत संदेश जाता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

‘एक वर्ग को निशाना बनाना निंदनीय’

बसपा प्रमुखय मायावती ने कहा है कि मनोरंजन के नाम पर किसी एक वर्ग को निशाना बनाना बहुत ही निंदनीय है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की भी मांग की। मायावती ने कहा कि ऐसे कंटेंट की समीक्षा होनी चाहिए, ताकि किसी भी समाज की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। साथ ही उन्होंने फिल्म और वेब कंटेंट निर्माताओं से भी जिम्मेदारी के साथ विषयों का चयन करने की अपील की।

‘हमारी पार्टी भी कड़े शब्दों में निन्दा करती है’

अपने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर मायावती ने लिखा कि, यह बड़े दुख व चिन्ता की बात है कि पिछले कुछ समय से अकेले यू.पी. में ही नहीं बल्कि अब तो फिल्मों में भी ’पंडत’ को घूसखोर आदि बताकर पूरे देश में जो इनका अपमान व अनादर किया जा रहा है तथा जिससे समूचे ब्राह्मण समाज में इस समय ज़बरदस्त रोष व्याप्त है, इसकी हमारी पार्टी भी कड़े शब्दों में निन्दा करती है। ऐसी इस जातिसूचक फिल्म (वेब सीरीज)घूसखोर पंडत पर केन्द्र सरकार को तुरन्त प्रतिबन्ध लगाना चाहिये, बी.एस.पी. की यह माँग। साथ ही, इसको लेकर लखनऊ पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करना उचित कदम।

लखनऊ में मामला दर्ज

बता दें कि इस मामले में अब लखनऊ में भी एक्शन ले लिया गया है। लखनऊ के हजरतगंज थाने में धार्मिक और जातिगत भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर फिल्म के कुछ अंश वायरल होने के बाद मामला दर्ज किया गया। इस एफआईआर में वेब सीरीज के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और क्रिएटिव टीम को नामजद किया गया है।

ये भी पढ़ें – तीनों बहनों के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, सुसाइड नोट ने भी घुमाया जांच का एंगल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button