विदेश

पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयरफोर्स, अब उड़ाएंगे यात्री विमान, पाकिस्तान की कैद में रहे 60 घंटे

बालाकोट एयरस्ट्राइक के हीरो और वीर चक्र सम्मानित पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। करीब 20 साल की सेवा के बाद अब वह निजी एयरलाइन फ्लाई-91 के साथ कॉमर्शियल पायलट के रूप में नई शुरुआत कर चुके हैं। 2019 में पाकिस्तान में 60 घंटे कैद रहने के बाद वह देशभर में चर्चा में आए थे।

Abhinandan Balakot Airstrike : बालाकोट एयरस्ट्राइक के दौरान अपनी बहादुरी से देश का गौरव बढ़ाने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति ले ली है। करीब दो दशक तक वायुसेना में सेवा देने के बाद अब उन्होंने निजी क्षेत्र की एयरलाइन फ्लाई-91 के साथ नई जिम्मेदारी संभाल ली है।

31 मार्च को छोड़ी वायुसेना, अगस्त में शुरू की नई पारी

जानकारी के मुताबिक अभिनंदन वर्तमान ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से विदाई ली। इसके बाद अगस्त 2026 में उन्होंने गोवा की निजी एयरलाइन फ्लाई-91 जॉइन कर ली। अब वह कॉमर्शियल यात्री विमानों के पायलट के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।

बालाकोट एयरस्ट्राइक में निभाई थी अहम भूमिका

अभिनंदन वर्तमान फरवरी 2019 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद हुई हवाई झड़प में पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया था। वह उस समय श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर मिग-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे।

पाकिस्तान में 60 घंटे रहे थे कैद

27 फरवरी 2019 को हवाई मुकाबले के दौरान उनका मिग-21 विमान मिसाइल की चपेट में आ गया था। विमान को नुकसान पहुंचने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया और पैराशूट के जरिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में उतरे। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। भारत के कूटनीतिक दबाव के बाद करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को वह अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटे।

वीर चक्र से हुए सम्मानित

अभिनंदन वर्तमान को उनकी वीरता और साहस के लिए साल 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। आधिकारिक प्रशस्ति पत्र के अनुसार, उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में दुश्मन के विमानों का सामना किया और अपने अदम्य साहस का परिचय दिया।

ये भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ की एडवांस बुकिंग में धमाका, रिलीज से पहले ही करोड़ों की कमाई, हर घंटे बिक रहे 1000 से ज्यादा टिकट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button