Honey Singh : सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. महाराष्ट्र साइबर सेल ने दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में उन्हें शुक्रवार, 16 अक्टूबर को पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया है. अधिकारियों के मुताबिक, हनी सिंह इससे पहले तीन बार समन मिलने के बावजूद पेश नहीं हुए थे, उन्होंने विदेश में होने का हवाला देते हुए समय मांगा था. इस बार भी उन्होंने 22 अक्टूबर तक की मोहलत मांगी, लेकिन जांच अधिकारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया.
यह विवाद दिल्ली में हुए हनी सिंह के एक लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है. कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें सिंगर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए. इसके बाद शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. एजेंसी ने मामले की जांच शुरू करते हुए हनी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया.
पेश नहीं होने पर हो सकती है कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, हनी सिंह को 5 अक्टूबर को मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित महाराष्ट्र साइबर सेल कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह नहीं पहुंचे. इसके बाद 14 अक्टूबर को चौथा समन जारी कर 16 अक्टूबर को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया. जांच अधिकारी के मुताबिक, अगर सिंगर आज पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने पर विचार किया जा सकता है.
पहले भी विवादों में रहे हैं हनी सिंह
हनी सिंह इससे पहले भी अपने गानों को लेकर विवादों का सामना कर चुके हैं. उनके विवादित गाने ‘वॉल्यूम 1’ को लेकर दायर याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने 2 अप्रैल को केंद्र सरकार को सोशल मीडिया और शेयरिंग प्लेटफॉर्म से संबंधित URL हटाने के निर्देश दिए थे. फिलहाल महाराष्ट्र साइबर सेल मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी.
ये भी पढ़ें- UP में सोलर ऊर्जा की बड़ी छलांग, 9 लाख से ज्यादा घरों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









