Punjab News : पंजाब में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत अब तक करीब 3,722 करोड़ रुपये लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं. पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही इस योजना के लिए अब तक 79 लाख से अधिक महिलाएं पंजीकरण करा चुकी हैं. सरकार का लक्ष्य एक करोड़ से अधिक महिलाओं को योजना के दायरे में लाना है.
डॉ. बलजीत कौर के मुताबिक, योजना के पहले चरण में जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए 75.16 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 2,602.46 करोड़ रुपये जमा कराए गए. वहीं, दूसरे चरण की पहली किस्त के रूप में 32 लाख से अधिक महिलाओं को 1,118.93 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. सरकार का कहना है कि इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी जरूरतों के लिए वित्तीय सहयोग मिलेगा.
हर महीने मिलेंगे 1,000 और 1,500 रुपये
योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है. सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये देने का प्रावधान है. राज्य सरकार के अनुसार, इस योजना पर हर साल करीब 12,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
एक करोड़ महिलाओं का लक्ष्य
मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि योजना के जरिए पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा और भागीदारी को मजबूत करना है.
राज्य सरकार के मुताबिक, यह योजना महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की पहल है. अब तक जारी राशि और पंजीकरण के आंकड़ों के साथ सरकार का अगला लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इससे जोड़ना है.
ये भी पढ़ें – UP में भारी बारिश के बाद CM योगी का बड़ा एक्शन, बिजली और सड़कों को लेकर दिए सख्त निर्देश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









